चौंप गांव में भूमाफियाओं की दहशत, DGP के दखल पर पुलिस में मामला दर्ज
दौलतपुरा पुलिस थाना ने विवादित जमीन से हटाए बदमाश

Jaipur.
जयपुर जिले की आमेर तहसील के चौंप गांव में गत चार दिन से भूमाफियाओं व बदमाशों की दहशत है। एक जमीन के विवाद को लेकर चौंप में 100 से ज्यादा बाहरी लोग लग्जरी गाड़ियों सहित डेरा डाले हुए है। एक दिन पहले बदमाशों की पत्थरबाजी व मारपीट की वजह से एक गर्भवती महिला के पेट में गंभीर चोटे आई है। स्थानीय लोगों की गुहार के बाद पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव शर्मा ने दखल किया। इसके बाद एसीपी (चौमूं) अशोक चौहान दौलतपुरा थाने के पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और विवादित जमीन से बदमाशों को हटाया। दौलतपुरा थाने के इंचार्ज नंदलाल नेहरा है। पुलिस की सख्ती के बाद अब मामला शांत है। हालांकि ग्रामीणों में पूरे प्रकरण में पुलिस की भूमिका की जांच करवाने की मांग की है। ग्रामीणों की पीड़ा है कि चार दिन तक बाहरी 100 बदमाश गांव में लग्जरी गाडियों में घूमते रहे और लोगों को धमकाते रहे, लेकिन पुलिस ने पहले सख्ती नहीं की।

यह है मामला :
चौंप गांव में आरसीए के क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित बेशकीमती जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद को लेकर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के इलाके में दौलतपुरा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। दौलतपुरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 191 (2),191 (3), 190, 329 (3), 74, 303 (2), 324 (5), 125, 351 (2) में दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
दौलतपुरा पुलिस थाने में यह हुआ मामला दर्ज :
पुलिस के अनुसार थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है कि 13 अगस्त को भूमाफिया ताराचंद सैनी और ओमप्रकाश सैनी पुत्र सोहनलाल सैनी निवासी पाल नीचे की ढाणी, रामगढ़ रोड, आमेर उनके साथ करीब 100-150 अन्य बदमाश सुरेश फगोडिया (जोबनेर), मुकेश कारोड़िया (जोड़ला), महेंद्र कारोडिया (जोड़ला), रामसिंह चौधरी (जोड़ला), विनेद मीणा, रामस्वरूप कुमावत (अखैपुरा), श्रीराम बागड़ा पुत्र श्योलाराम (बढ़ारणा), विनोद मीणा, मनोज सैनी, (केरिया की ढाणी), रामचंद्र सैनी पुत्र नाथू सैनी ढोला की ढाणी, चौंप व अन्य लोग 100-150 आए। सब के हाथ में सरिये, तलवार, बंदूके, डण्डे थे और खड़ी फसल में ट्रेक्टर, जेसीबी चलाने लगे। जब पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया तो पुलिस मौके पर आई तो बदमाश भाग गए। कुछ बदमाश खेतों में छिप गए। इसके बाद 14 व 15 अगस्त को उपरोक्त बदमाश व इनके साथ फिर 100-150 आदमी आ गए। पीड़ित को थाने में बुला लिया। पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि पीडित की पत्नी ही घर पर मौजूद थी। ताराचंद सैनी और ओमप्रकाश सैनी और अन्य ने मिलकर पत्नी के ब्लाउज को फाड़ा, उसकी साडी खींच ली और उसके साथ छेड़छाड़ करने लग गए तो वह जान बचा कर वहां से भाग गई। उपरोक्त लोग कमरे में रखा बक्शा जिसमें गहने, पायल, बिछिया, गैस सिलेंडर, गद्दे आदि को ले गए और बक्शा जिसमें सामान था, उसको भी ले गए। बोरिंग को भी तोड़ दिया और बोरिंग का स्टार्टर उठा ले गए। खड़ी फसल में जेसीबी , ट्रेक्टर चला कर नष्ट कर दिया। किसानों को धमकियां दी और बदमाशों ने हवाई फायर व पत्थर बाजी करने लग गए। वहां पर आंतक का माहौल कर दिया। बदमाशों ने पीड़ित किसानों की धमकी दी कि हमारे पास प्रशासनिक अधिकारी एक RAS अधिकारी है, जिसका वे काम करते है और हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाओंगे। गुंड़ों द्वारा गांव में अशांति फैली हुई है और पीड़ित परिवार को जान का खतरा है।

स्टेडियम से जमीनें मंहगी, किसानों को धमकियां :
आरसीए के निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम की वजह से चौंप व आसपास के गांवों में जमीनों के भाव आसमान छू रहे है। इससे यहां पर भूमाफियाओं की कई गैंग सक्रिय हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि ये भूमाफियां विवादित जमीनें खरीदते है और राजस्व व प्रशासनिक अधिकारियों से सेटिंग कर अपने पक्ष में फैसले व फर्जी कागज तैयार करवाते है। इसमें कुछ प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी भी है। ग्रामीणों की पीड़ा है कि भूमाफियां जमीनों को बेचने का दबाव बनाते है और जबरन कब्जा कर लेते है। ताजा प्रकरण में चार दिन से 100 बाहरी बदमाश गांव में खुले आम घूम रहे थे, लेकिन पुलिस ने कोई सख्ताई नहीं की।